बहुजन समाज पार्टी भाजपा का सहयोग कर रही है। कभी सामने से, तो कभी पीछे से। इसलिए बसपा को वोट देने का मतलब है, अपना वोट खराब करना। मैं अपने बहुजन समाज के लोगों से अपील करता हूं कि बसपा को वोट देकर अपना वोट खराब न करें। भाजपा को हराने के लिए वोट करें। भाजपा बाबा साहब अंबेडकर के संविधान को बदल कर बहुजन समाज का अधिकार छीनना चाहती है। यह बात कन्नौज पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कही। इससे पहले अखिलेश ने ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर में मत्था टेका। यहां उन्होंने पूजा-पाठ किया। इसके बाद पार्टी नेताओं से मुलाकात करने के लिए उनके घर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं की भीड़ भी उनके साथ रही। पढ़िए अखिलेश यादव की 5 बड़ी बातें… 1- जनता इस चुनाव में इतिहास बनाने जा रही
अखिलेश यादव ने कहा- कन्नौज की जनता इस चुनाव में इतिहास बनाने जा रही। भाजपा को रिकॉर्ड वोटों से हराएगी। भाजपा ने झूठे वादे किए थे। जनता उनसे महंगाई, बेरोजगारी, चुनाव चंदा वसूली, शिक्षा-स्वास्थ्य की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल पूछ रही है। उन्होंने कहा- किसान की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई? नौजवानों को हर साल दो करोड़ नौकरी क्यों नहीं मिली? रुपए की कीमत क्यों गिर रही है? भ्रष्टाचार चरम सीमा पर कैसे पहुंच गया? चंदा वसूली के नाम पर इतना भ्रष्टाचार क्यों किया? भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर वसूली की। इस बार जनता ने भाजपा सरकार को पलट दिया है। 2- भाजपा के लोग संविधान के भक्षक, हम रक्षक
अखिलेश ने कहा- अब भाजपा के मन की बात नहीं, संविधान की बात होगी। भाजपा नेताओं की मनमर्जी नहीं चलेगी। अब 140 करोड़ देशवासियों की बात होगी। भाजपा का सारा गणित फेल होगा। यह चुनाव बाबा साहब के संविधान को बचाने का है। एक तरफ संविधान बचाने वाले समाजवादी लोग हैं, तो दूसरी तरफ संविधान के भक्षक भाजपा के लोग हैं। देश की जनता संविधान बचाने वालों के साथ खड़ी हो गई है। भाजपा का सफाया होना तय है। 3- भाजपा सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराती है
अखिलेश ने कहा- चरम पर पहुंची महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से भाजपा ने नौजवानों का जीवन बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराती है, जिससे नौजवान थक-हार कर बैठ जाए। भाजपा की नीयत ठीक नहीं। संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। 4- भाजपा सरकार में सीमाएं सुरक्षित नहीं
अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा सरकार में सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं। चीन से युद्ध में देश की जमीन बचाने वाले जवानों की याद में बनाए गए रिजांग्ला मेमोरियल को चीन की सेना ने तोड़ दिया। इस सरकार को देश की सीमाओं की चिंता नहीं। भारत माता की जय बोलकर भाषण शुरू करने वालों की सरकार में चीन ने देश की जमीन छीन ली। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है। आज वही नकारात्मक नरेटिव भाजपा को हरा रहा। बाबा साहब अंबेडकर का बनाया हुआ संविधान हम सबकी संजीवनी है। चुनाव बाद सपा के हर कार्यालय में संविधान का मंदिर बनाया जाएगा। जिससे लोग संविधान का महत्व समझे। भाजपा संविधान बदलना चाहती है। संविधान खत्म होने का मतलब लोगों के अधिकार छीन लेना, शिक्षा छीन लेना, उनके बोलने की आजादी छीन लेना है। भाजपा किसी को न्याय नहीं देना चाहती। इसीलिए संविधान बदलना चाहती है। 5- महाराणा प्रताप का किसी ने अपमान नहीं किया
उन्होंने कहा- सभी लोग महाराणा प्रताप का सम्मान करते हैं। किसी ने अपमान नहीं किया। साजिश के तहत जान-बूझकर वीडियो म्यूट कर भाजपा कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय ने पत्रकारों को भेजा। भाजपा का सफाया होना तय है। इसीलिए साजिश की। जिन्होंने महाराणा प्रताप के पक्ष में नारे लगाए, उनको जेल भेज दिया। जिन्होंने समाजवादियों को गाली दी और बूथ लूटने की धमकी दी, भाजपा उनका सम्मान कर रही। यही भाजपा की संस्कृति है। जो दूसरों को गालियां देंगे, अपमान करेंगे, बलात्कारी होंगे, उन्हें भाजपा सम्मानित करती है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe for notification