निश्चित रूप से… संगठन ही सरकार बनाता है। हमारी सरकार तो अब आई है। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दैनिक भास्कर से कही। उनसे सवाल किया गया था कि क्या वे केशव प्रसाद मौर्य के बयान से सहमत हैं? लोकसभा चुनाव हारने के बाद क्या भाजपा हिंदू-मुस्लिम एजेंड पर लौट आई है? क्या सांप्रदायिकता फैलाई जा रही है? उप चुनाव में भाजपा कितनी सीटें जीतेगी? योगी सरकार के कामकाज से कितने संतुष्ट हैं? ऐसे ही तमाम सवालों के जवाब भूपेंद्र चौधरी ने दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल- उप चुनाव को लेकर भाजपा की क्या तैयारी है, भाजपा कितनी सीट जीत सकती है?
जवाब- विधानसभा की नौ सीटों पर उप चुनाव की घोषणा हुई है। भाजपा नेता-कार्यकर्ता सभी स्थानों पर लगातार काम कर रहे हैं। चुनाव की पूरी तैयारी है, संगठन की रचना को भी अपडेट किया है। भाजपा के सदस्यता अभियान में भी नौ सीटों पर फोकस किया है। अभियान के दौरान इन नौ सीटों पर प्रत्येक परिवार तक पहुंचने का प्रयास किया है। सवाल- सपा और बसपा ने छह-छह प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, भाजपा की सूची कब तक आएगी?
जवाब- भाजपा में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया है। हमने अपने कार्यकर्ताओं से चर्चा करने के बाद पैनल केंद्रीय चुनाव समिति के समक्ष रखा है। अब केंद्रीय नेतृत्व को निर्णय लेना है, मुझे आशा है कि जल्द ही सूची घोषित हो जाएगी। सवाल- मिल्कीपुर सबसे हॉट सीट है, वहां चुनाव नहीं होगा। यह चूक कैसे और कहां हुई?
जवाब- तकनीकी कारणों से यह परिस्थिति उत्पन्न हुई है। 2022 में भाजपा के पराजित प्रत्याशी बाबा गोरखनाथ ने याचिका दायर की थी। वह याचिका लंबित होने के कारण चुनाव की घोषणा नहीं हुई है। लेकिन, अब गोरखनाथ ने याचिका वापस लेने की अर्जी लगाई है। मुझे लगता है कि बहुत जल्दी मिल्कीपुर में चुनाव होगा। सवाल- क्या जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन विभाग ने इसकी सूचना पहले नहीं दी थी?
जवाब- नहीं, हमें इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी थी। भाजपा ने सभी दस सीटों पर चुनाव की तैयारी की है। मुझे विश्वास है कि बहुत जल्द मिल्कीपुर में चुनाव होगा। सवाल- अब आरोप लग रहा है कि लोकसभा चुनाव के बाद से भाजपा पूरी राजनीति को हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे पर लेकर आ रही है? सांप्रदायिकता फैलाई जा रही है?
जवाब- आप सभी जानते हैं कि कौन सी पार्टी आतंकियों का संरक्षण करती रही है, दंगाइयों के साथ खड़ी रही है। जहां तक बहराइच की घटना का विषय है, भाजपा पीड़ित परिवार के साथ है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। पीड़ित परिवार को सहायता भी दी जाएगी। योगी सरकार ने बीते सात साल में कानून व्यवस्था को लेकर बहुत अच्छा काम किया है। इसलिए यूपी आज सुरक्षित प्रदेश है। सरकार संकल्पित है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सवाल- बहराइच में रामगोपाल मिश्रा ने दूसरे समुदाय के परिवार के घर पर चढ़कर उनका झंडा हटाया, क्या इसे उचित मानते हैं?
जवाब- मैं इस तरह की घटना का समर्थन नहीं करता। लेकिन, इस प्रकार की दुर्दांत घटना होना, एक व्यक्ति की जान चली गई। ऐसी घटनाएं सभी के लिए दुखद है। इस घटना में जो भी दोषी होगा, उन्हें किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा बगैर किसी भेदभाव के संविधान की व्यवस्था के आधार पर जांच कराकर कार्रवाई करेगी। सवाल- लोकसभा चुनाव के बाद से भाजपा विधायक मुखर होकर बयानबाजी कर रहे हैं, हाल ही में पीलीभीत में एक विधायक की पिटाई हुई है, अनुशासित पार्टी में यह क्या हो रहा है?
जवाब- सभ्य समाज के लिए दुखद घटना है। हमारी पार्टी अनुशासन प्रिय लोगों की पार्टी है। पार्टी ने मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी कार्यकर्ता को निष्कासित किया है। दोषियों को बचाने का काम हमारी पार्टी नहीं करती, जो भी दोषी होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। सवाल- लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार हुई है, अब चार-पांच महीने में ऐसा क्या हुआ है कि जनता भाजपा को वोट दे?
जवाब- लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन ने नकारात्मक प्रचार किया था। लोगों को गुमराह करने का काम किया था। कांग्रेस ने हमेशा देश को भाषा, जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटकर राजनीति की। देश को कमजोर करने का काम कांग्रेस ने किया है। लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने संविधान और आरक्षण के नाम पर लोगों को गुमराह करने का काम किया है। मुझे विश्वास है कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। जनता जानती है कि भाजपा सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी पार्टी है। सवाल- उप चुनाव में निषाद पार्टी और रालोद को सीट देंगे क्या?
भूपेंद्र चौधरी- एनडीए में कई अन्य दल भी हैं। गठबंधन में कौन शामिल होगा या कौन नहीं होगा, गठबंधन के सहयोगी दलों को कितनी सीट मिलेगी, इसका निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करता है। लेकिन, यह पूर्ण विश्वास के साथ कह रहा हूं कि उप चुनाव में एनडीए के सभी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सवाल- बसपा को भाजपा की बी पार्टी क्यों कहा जाता है?
जवाब- विपक्ष राजनीतिक परिस्थिति के आधार पर अपना एजेंडा चलाता है। सभी ने देखा है कि भाजपा के अलावा सभी पार्टियां बसपा के साथ प्री-पोल अलायंस में रही हैं। सपा-बसपा, बसपा-कांग्रेस का गठबंधन रहा है। कौन किसकी बी पार्टी है, यह पूरा देश जानता है। सवाल- भाजपा के सदस्यता अभियान में क्या प्रगति है?
जवाब- भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है। सदस्यता अभियान में दो करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा था। अभी तक करीब सवा दो करोड़ सदस्य बना लिए हैं। सदस्यता के बाद संगठन चुनाव के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। सवाल- केशव मौर्य कहते हैं कि संगठन सरकार से बड़ा होता है, क्या आप इससे सहमत हैं?
जवाब- निश्चित रूप से… संगठन ही सरकार बनाता है। हमारी सरकार तो अब आई है, 2014 में केंद्र और 2017 से राज्य में सरकार बनी है। लेकिन, संगठन शुरुआत से ही अपने मुद्दों को लेकर जनता के बीच रहा है। सवाल- क्या आप योगी सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं?
जवाब- हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारी सरकार ने पार्टी के संकल्प को पूरा किया है। अयोध्या में रामजन्म भूमि पर मंदिर निर्माण, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा के मुद्दे पर जनता ने भाजपा को चुना था। मोदी-योगी सरकार ने संकल्प पत्र को पूरा किया है। सवाल- लोकसभा चुनाव के समय आरएसएस की नाराजगी बड़ा मुद्दा थी? क्या उप चुनाव में संघ काम करेगा?
जवाब- भाजपा के लोग आरएसएस से प्रेरणा लेकर ही राजनीतिक जीवन में काम करते हैं। हमारा एक परिवार है, परिवार की तरह मिलकर राजनीतिक विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। संगठन एक एजेंडा के आधार पर जनता के बीच में है। ………………………………………………………… यह भी पढ़ें:- बाबा गोरखनाथ का इंटरव्यू, इनकी याचिका पर मिल्कीपुर चुनाव अटका:कहा-चुनाव न हो इसलिए सपा ने 12 वकीलों की फौज खड़ी कर दी उत्तर प्रदेश में 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर चुनाव अटक गया है। याचिका लगाने वाले बीजेपी के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ खुद चाहते हैं कि चुनाव हो। उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका वापस लेने की भी अपील की है। पढ़ें पूरी खबर… राजा भैया पर बृजभूषण बोले-यूं ही कोई बेवफा नहीं होता:यूपी में सीटें क्यों कम आईं… इस पर बोलूंगा तो घातक हो जाएगा पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को यूपी में भाजपा की हार का कारण पता है, लेकिन वह खुलकर कुछ नहीं बोल रहे। कहते हैं- सीटें कम क्यों हुईं, सबको पता है। इस पर कुछ बोला तो मेरे लिए घातक हो जाएगा। रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने इलेक्शन कैंपेन के आखिरी दौर में सपा को समर्थन क्यों दिया? इस पर शायराना अंदाज में कहते हैं- यूं ही कोई बेवफा नहीं होता…कोई कारण तो रहा होगा। पढ़ें पूरी खबर…

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe for notification